MSP Increased: केंद्र सरकार ने खरीफ सत्र 2025-26 के लिए किसानों के पक्ष में बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 14 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि की गई है। इसका मकसद किसानों को अधिक आय, कृषि को प्रोत्साहन और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाना है।
धान और ए ग्रेड धान के नए MSP
इस बार सामान्य धान का MSP 69 रुपये बढ़ाकर 2,369 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। वहीं ‘ए ग्रेड’ धान के लिए MSP 2,389 रुपये प्रति क्विंटल तय हुआ है। इससे धान उत्पादकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
MSP बढ़ी इन 14 फसलों की
सरकार द्वारा जिन फसलों का MSP बढ़ाया गया है उनमें शामिल हैं – धान, मूंग, उड़द, कपास, मूंगफली, सूरजमुखी, ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, अरहर (तुअर), सोयाबीन, तिल और रामतिल। MSP में यह बढ़ोतरी खेती की लागत से कम से कम 50% अधिक रखी गई है, ताकि किसान लाभ में रहें।
अरहर दाल पर खास फोकस
देश में सबसे अधिक मांग अरहर दाल (तुअर) की रहती है और इसमें घरेलू उत्पादन की कमी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए अरहर का MSP 450 रुपये बढ़ाकर 8,000 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसका उद्देश्य आयात पर निर्भरता घटाना और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना है।
तिलहन फसलों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी
सरकार ने तिलहनों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। रामतिल का MSP 820 रुपये बढ़ाकर 9,537 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसके अलावा, तिल और सूरजमुखी जैसी फसलों में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को बड़ा फायदा होगा।
श्रीअन्न और पोषणयुक्त फसलों को प्रोत्साहन
सरकार ने बताया कि अब न्यूट्री-सीरियल्स यानी ‘श्रीअन्न’ की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। MSP में बढ़ोतरी के माध्यम से किसानों को स्वस्थ फसलों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। जैसे कि बाजरे की लागत पर 63% लाभ और मक्का, अरहर पर 59% लाभ मिलेगा।
किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज में बड़ी छूट
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत किसानों को पहले की तरह अब भी 3 लाख रुपये तक के कर्ज पर सिर्फ 4% ब्याज देना होगा। इसके लिए सरकार ने 7% ब्याज पर 3% की सब्सिडी जारी रखने का फैसला किया है।
- समय पर भुगतान करने वाले किसानों को यह लाभ मिलेगा।
- पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए यह योजना 2 लाख रुपये तक लागू होगी।
ग्रामीण ऋण प्रणाली को मिलेगा बल
यह योजना कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आमदनी को मजबूत करेगी। सरकार का फोकस लघु और सीमांत किसानों की मदद करना है, जो खेती के लिए कर्ज पर निर्भर रहते हैं।
MSP वृद्धि का पूरा आंकड़ा (रुपये प्रति क्विंटल)
फसल | नया MSP | वृद्धि | लागत पर लाभ |
---|---|---|---|
धान (सामान्य) | 2,369 | 69 | 50% |
ज्वार (हाइब्रिड) | 3,699 | 328 | 50% |
बाजरा | 2,775 | 150 | 63% |
रागी | 4,886 | 596 | 50% |
मक्का | 2,400 | 175 | 59% |
तुअर (अरहर) | 8,000 | 450 | 59% |
उड़द | 7,800 | 400 | 53% |
मूंग | 8,768 | 86 | 50% |
मूंगफली | 7,263 | 480 | 50% |
सोयाबीन | 5,328 | 436 | 50% |
सूरजमुखी | 7,721 | 441 | 50% |
तिल | 9,846 | 579 | 50% |
रामतिल | 9,537 | 820 | 50% |
कपास (मध्यम रेशा) | 7,710 | 589 | 50% |